पूर्व सीएम बोले- भाजपा ने चोरी के वोटों से बनाई सरकार; डिप्टी सीएम ने कहा- कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है
बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन के विवाद की गूंज अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी सुनाई देने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर चोरी के वोटों के सहारे सत्ता में आने का आरोप लगाया, तो डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस को जनता को गुमराह करने वाला दल बताते हुए तीखा जवाब दिया। इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बयान से राज्य की सियासत गरमा गई है।
रायपुर। बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर छिड़ी बहस अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गई है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम अरुण साव आमने-सामने आ गए हैं। बिलासपुर में प्रेस से बात करते हुए बघेल ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है और इसके लिए निर्वाचन आयोग पूरी तरह जिम्मेदार है। बघेल ने दावा किया कि राहुल गांधी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठोस सबूत पेश किए, जिससे पूरे देश में हलचल मच गई। उनका आरोप है कि भाजपा ने इन्हीं चोरी के वोटों के सहारे राज्य में सरकार बनाई है।
पूर्व सीएम के इन आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की बुद्धि पर तरस आता है। जब ये सत्ता में होते हैं, तो किसी प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन जैसे ही हारते हैं, तो EVM से लेकर वोटर लिस्ट तक हर चीज पर आरोप लगाने लगते हैं।
साव ने कहा कि वोटर लिस्ट की एक वैधानिक प्रक्रिया है और उसी के बाद नई सूची जारी होती है। चुनाव संपन्न होने के बाद उस पर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर भी कांग्रेस हार चुकी है, कल को ये किसी और मुद्दे पर फिर आरोप लगाएंगे। देश की जनता अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है।