15 अगस्त को मस्जिद, मदरसा और दरगाह के मुख्य द्वार पर ध्वजारोहण के निर्देश; पर्व की गरिमा बनाए रखने की अपील
इस स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ की मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में तिरंगा फहराने की तैयारी है। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने सभी मुतवल्लियों को आदेश जारी करते हुए 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज लगाने और गरिमा बनाए रखने की अपील की है।
रायपुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने इस बार स्वतंत्रता दिवस को खास अंदाज में मनाने का निर्णय लिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने प्रदेश की सभी मस्जिद, मदरसा और दरगाह के मुतवल्लियों को आदेश जारी किया है कि 15 अगस्त 2025 को 78वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाए और मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।
डॉ. सलीम राज ने अपने पत्र में कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए इसे पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के सभी सदस्यों से अपील की कि वे इस अवसर पर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दें।
वक्फ बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के कई धार्मिक स्थलों पर अभी तक स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण की परंपरा नहीं रही है। इस बार यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि हर मस्जिद, मदरसा और दरगाह इस आयोजन में शामिल हो।
गौरतलब है कि इससे पहले वक्फ बोर्ड ने निकाह पढ़ाने वाले मौलवियों और ईमामों के लिए विशेष आदेश जारी किए थे, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि वे नजराने या उपहार के रूप में 1100 रुपये से अधिक नहीं लेंगे। यह निर्णय शिकायतें मिलने के बाद लिया गया था।