रक्षाबंधन के दिन हुआ हादसा; ग्रामीणों ने खोजकर वाहन पुलिस को सौंपा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
रक्षाबंधन के दिन बिलासपुर में दर्दनाक हादसा हो गया, जब पेंड्रा SDM की सरकारी गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 5 माह की गर्भवती महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति और दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद ड्राइवर वाहन समेत फरार हो गया, जिसे ग्रामीणों ने तलाशकर पुलिस को सौंप दिया।
बिलासपुर, 11 अगस्त। कोनी थाना क्षेत्र के तुर्काडीह गांव के पास रक्षाबंधन के दिन हुए सड़क हादसे में 5 माह की गर्भवती महिला की जान चली गई, जबकि उसका पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान भरनी के देवरी गांव निवासी हेमलता सूर्यवंशी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हेमलता अपने पति सुमित सूर्यवंशी, 7 वर्षीय बेटी मिंटी और 10 वर्षीय बेटे रिशु के साथ ससुराल सेमरताल जा रही थी। रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सरकारी गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि यह वाहन पेंड्रा SDM ऋचा चंद्राकर का सरकारी वाहन है। ग्रामीणों ने अपनी कोशिश से वाहन को खोज निकाला और सोमवार को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेटे रिशु का इलाज सिम्स में जारी है, जबकि बेटी को छुट्टी मिल चुकी है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।