प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राशि का सीधा अंतरण, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम मोदी व केंद्रीय कृषि मंत्री को कहा धन्यवाद
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य के 1.41 लाख से अधिक किसानों को फसल हानि की भरपाई के रूप में ₹152 करोड़ 84 लाख की राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे किसानों के लिए ‘सुरक्षा कवच’ बताया।
रायपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 1 लाख 41 हजार से अधिक किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। सोमवार को ₹152 करोड़ 84 लाख की बीमा दावा राशि सीधा बैंक खातों में भेजी गई। यह राशि फसल हानि की भरपाई के साथ किसानों के लिए कठिन समय में आर्थिक सहारा साबित होगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में यह योजना किसानों की सुरक्षा के लिए ढाल का काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि देशभर में आज 30 लाख से अधिक किसानों को ₹3,200 करोड़ से ज्यादा की बीमा राशि दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाताओं की रक्षा और उनकी समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता और तत्परता से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छत्तीसगढ़ के किसान न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हों, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम बढ़ा सकें।