पीडब्ल्यूडी सभागार में समीक्षा बैठक, राहुल गांधी के मतदाता सूची वाले बयान पर दिया जवाब
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग और भिलाई में भाजपा पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने 18 अगस्त को होने वाले भिलाई भाजपा कार्यालय के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लिया और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के मतदाता सूची संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को दुर्ग और भिलाई का दौरा कर पार्टी और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक की और 18 अगस्त को भिलाई में होने वाले भाजपा कार्यालय के उद्घाटन की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे।
गृहमंत्री ने पीडब्ल्यूडी सभागार में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। करीब दो महीने पहले दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट ली और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पुलिस व्यवस्था को कमजोर किया था, लेकिन मौजूदा सरकार के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, नक्सलवाद और साइबर क्राइम पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है।
राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि सूची का शुद्धिकरण बिहार एसआईआर से कराया जा रहा है और हर वोट का मिलान पारदर्शी तरीके से होता है। किसी भी बूथ के नाम पर वोट डालने की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए विपक्ष को इस प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए, न कि भ्रम फैलाना चाहिए।