मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने दिलाई शपथ, विधि मंत्रालय ने 7 अगस्त को की थी नियुक्ति की अधिसूचना जारी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में आज न्यायमूर्ति रविन्द्र कुमार अग्रवाल ने स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने न्यायालय कक्ष में उन्हें शपथ दिलाई, जिसमें न्यायिक, विधिक और अधिवक्ता समुदाय के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए।
रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में मंगलवार सुबह न्यायमूर्ति रविन्द्र कुमार अग्रवाल ने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने न्यायालय कक्ष में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता और न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
विधि एवं विधायी कार्य विभाग, नई दिल्ली ने 7 अगस्त 2025 को अधिसूचना जारी कर न्यायमूर्ति अग्रवाल की नियुक्ति की थी। शपथ ग्रहण समारोह में महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष उमाकांत चंदेल, वरिष्ठ अधिवक्तागण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, रजिस्ट्रार जनरल और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी भी उपस्थित रहे।