
47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति, हेमंत पाणिग्रही मीडिया संयोजक और संतोष पांडेय मुख्य प्रवक्ता; भूपेश बघेल ने साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक बदलाव करते हुए 47 नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। इसमें राहुल योगराज को भाजयुमो अध्यक्ष, विभा अवस्थी को महिला मोर्चा अध्यक्ष, हेमंत पाणिग्रही को मीडिया संयोजक और संतोष पांडेय को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर हमला बोला है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। संगठन में हुए इस फेरबदल के तहत रवि भगत की जगह राहुल योगराज को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का अध्यक्ष बनाया गया है। महिला मोर्चा की कमान विभा अवस्थी को सौंपी गई है। वहीं, हेमंत पाणिग्रही को मीडिया संयोजक और संतोष पांडेय को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
पार्टी के संगठन विस्तार में 4 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 4 संगठन सचिव, 6 सह मंत्री और 22 सदस्य शामिल हैं। इनमें 8 मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि संगठन की गतिविधियों को सभी मोर्चों पर मजबूत किया जा सके। भाजपा के अनुसार, यह बदलाव आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भाजपा की नई टीम को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि रवि भगत ने अडानी समूह को लेकर DMF और CSR में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए थे, जिसके चलते उन पर कार्रवाई की गई। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासी युवा नेताओं को संदेश दे रही है कि अडानी के खिलाफ बोलोगे तो कीमत चुकानी पड़ेगी, और अब आदिवासियों से नेतृत्व भी छीना जा रहा है।