
मरीन ड्राइव में हजारों युवाओं के साथ स्वतंत्रता दौड़, भारत माता और रानी दुर्गावती को किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों के संघर्ष, बलिदान और करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं का जीवंत प्रतीक है। रायपुर मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में उन्होंने हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाई और देश की एकता, अखंडता व समृद्धि के संकल्प को दोहराया।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्षों और बलिदान का जीवंत प्रतीक है, जिसे हम सभी को सदा सम्मान और गर्व के साथ फहराना चाहिए। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में शामिल होकर उन्होंने हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाई। इस अवसर पर उन्होंने भारत माता और अमर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी वीरता, शांति और समृद्धि का अमिट प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में हर-घर तिरंगा और तिरंगा यात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस को जन-जन से जोड़ दिया है। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, एकता और अखंडता का संदेश है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अनगिनत बलिदानों की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हमें यह अमूल्य आजादी मिली है। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के दिनों की प्रभात फेरियों का जिक्र करते हुए कहा कि वही देशभक्ति का गर्व आज भी उनके दिल में है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न डॉक्यूमेंट का उल्लेख करते हुए सभी से विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल खेल नहीं, बल्कि आजादी के संघर्ष को श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।