नगर निगम की लंबित योजनाओं की 3.5 घंटे समीक्षा, यातायात सुगम बनाने व जलभराव खत्म करने पर जोर
रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित लंबी समीक्षा बैठक में अवैध कब्जों, जलभराव, सफाई, पेयजल और यातायात की समस्याओं पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के मद्देनज़र बाजारों में सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाने और स्थायी समाधान की योजना बनाने को कहा।
रायपुर। शहर की समस्याओं के समाधान के लिए रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर निगम महात्मा गांधी सदन में लगभग साढ़े तीन घंटे की समीक्षा बैठक की। बैठक में महापौर मीनल चौबे, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, सभापति सूर्यकांत राठौड़, नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू, आयुक्त विश्वदीप सहित सभी जोन अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि रायपुर की सबसे बड़ी समस्या अव्यवस्थित यातायात और अवैध कब्जे हैं। उन्होंने सभी जोनों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान मुख्य मार्ग और बाजारों में सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी जाए और न मानने पर सामान जब्त कर कार्रवाई की जाए। साथ ही खुले में हो रहे मांस विक्रय और गैर-अधिसूचित मांस दुकानों को हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सिटी डेवलपमेंट प्लान में जलभराव रोकने के लिए नए नालों के निर्माण, निजी कॉलोनियों में नल से जल उपलब्ध कराने, बायपास मार्ग की योजना, तालाबों के सौंदर्यीकरण, महिला बाजार विकास, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण जैसी योजनाओं को शामिल करने पर जोर दिया।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि अवैध निर्माण व कब्जों पर तत्काल कार्रवाई होगी। विधायक सुनील सोनी ने ड्रेनेज, वाटर और पाइपलाइन सिस्टम को मजबूत करने का सुझाव दिया, जबकि विधायक मोतीलाल साहू ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग हटाने की बात कही। विधायक पुरंदर मिश्रा ने सफाई, पानी, लाइट और सड़क कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि सांसद द्वारा दिए गए सभी निर्देशों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सांसद अग्रवाल ने छह माह बाद दोबारा समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन करने की घोषणा की।