टाउन हॉल में छायाचित्र और दुर्लभ दस्तावेजों के जरिए जीवंत हुई आज़ादी की लड़ाई; क्विज प्रतियोगिता में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन और संघर्ष पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की आज़ादी की लड़ाई में निभाई गई भूमिका, वीर सपूतों का जीवन संघर्ष और ऐतिहासिक क्षणों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
युवाओं और छात्रों के लिए उपयोगी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी के लिए सीखने का एक अनमोल अवसर है। इससे छात्र-छात्राएं और युवा स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका को समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग द्वारा टाउन हॉल जैसे ऐतिहासिक भवन में यह आयोजन सराहनीय है।
क्विज प्रतियोगिता में शामिल हुए मुख्यमंत्री
प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के इतिहास और संस्कृति पर आधारित क्विज प्रतियोगिता “कोन बनही गुनिया” में भाग लिया और पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में रोचक और जानकारीपूर्ण प्रश्न शामिल हैं, जिनसे बच्चों और युवाओं को बहुत कुछ नया सीखने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी के आकर्षण
- स्वतंत्रता सेनानियों की जीवन गाथा और संघर्ष की झलक
- दुर्लभ दस्तावेज और ऐतिहासिक तस्वीरें
- भारत छोड़ो आंदोलन सहित अन्य आंदोलनों में छत्तीसगढ़ की भागीदारी
- राज्य सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं की जानकारी
- वर्चुअल रियलिटी तकनीक से ऐतिहासिक प्रस्तुति
- “कौन बनेगा करोड़पति” की तर्ज पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
- आम जनता के लिए निःशुल्क प्रवेश
यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8:00 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग शामिल हो रहे हैं।