रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बरसात, बस्तर-कांकेर-नारायणपुर में भारी बारिश का यलो अलर्ट
प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। शनिवार दोपहर राजधानी रायपुर में तेज बारिश हुई और आसमान में घने बादल छा गए। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा।

बस्तर, नारायणपुर और कांकेर जिलों में भारी वर्षा की आशंका जताई गई है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। बीते 24 घंटों में कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार रात रायपुर में घंटेभर तक पानी बरसा, जबकि राजनांदगांव में सबसे अधिक 120 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में दिख रहा है। आने वाले दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी, जबकि मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
1 जून से अब तक प्रदेश में कुल 717.3 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। बलरामपुर सबसे आगे है, जहां 1139.9 मिमी पानी बरस चुका है, वहीं बेमेतरा सबसे पीछे है, जहां केवल 358.4 मिमी वर्षा हुई है।
पिछले दस वर्षों में जुलाई में 400 मिमी से अधिक बारिश केवल दो बार दर्ज हुई है—2016 और 2023 में। इस साल भी जुलाई महीने में औसत से ज्यादा 453.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है