हर दिन 300 अभ्यर्थियों की होगी काउंसिलिंग, दिव्यांग और महिला शिक्षकों को प्राथमिकता, अंतिम मौका 23 अगस्त को
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्य (टी-संवर्ग) के 845 पदों पर पदोन्नति के बाद अब उनकी पदस्थापना प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए रायपुर में 20 से 23 अगस्त तक शासकीय शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में ओपन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्य (टी-संवर्ग) पदों पर पदोन्नत 845 शिक्षकों की पदस्थापना हेतु ओपन काउंसिलिंग का आयोजन किया है। यह काउंसिलिंग 20 अगस्त से 23 अगस्त तक राजधानी रायपुर के शासकीय शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर परिसर में होगी। काउंसिलिंग प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दो पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 150-150 और प्रतिदिन कुल 300 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की जाएगी। विभाग ने समय-सारणी और रिक्त पदों की जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal-cg-nic-in/ पर उपलब्ध करा दी है।
प्रक्रिया में वरिष्ठता और शासन के नियमों का पालन किया जाएगा। व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) और प्रधानपाठक (पूर्व माध्यमिक शाला) को 2:1:1 के अनुपात में पदस्थापना मिलेगी। इसके अलावा एक साल में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। काउंसिलिंग में पहले दिव्यांग अभ्यर्थियों, फिर महिला अभ्यर्थियों और अंत में पुरुष शिक्षकों को अवसर मिलेगा।
सभी प्रतिभागियों को सेवा प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और पदस्थापना संबंधी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपना प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
23 अगस्त को काउंसिलिंग का अंतिम अवसर रखा गया है। इस दिन वे सभी शिक्षक शामिल हो सकेंगे जो निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाए। काउंसिलिंग पूरी होने के बाद शासन पदस्थापना आदेश जारी करेगा और आदेश मिलने के 7 दिनों के भीतर प्राचार्यों को नए कार्यस्थल पर पदभार ग्रहण करना होगा।