ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में करेंगे शिरकत, इलेक्ट्रॉनिक्स-ऑटोमोबाइल और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर पर फोकस; निवेशकों को देंगे भरोसा—“जमीन, बिजली और मानव संसाधन की पूरी सुविधा”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने पहले विदेश दौरे पर आज जापान और दक्षिण कोरिया रवाना हो रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना और विदेशी निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली से अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना हो गए। यह यात्रा जापान और दक्षिण कोरिया की होगी। दिल्ली से रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि इस दौरे का मकसद छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को प्रस्तुत करना और प्रदेश में निवेश के नए रास्ते खोलना है।
सीएम साय जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में हिस्सा लेंगे। इस एक्सपो में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फूड प्रोसेसिंग जैसे सेक्टरों पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं हैं और सरकार चाहती है कि विदेशी कंपनियां यहां आकर निवेश करें।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय, मंत्रीगण और प्रशासनिक अधिकारी भी विदेश दौरे पर गए हैं। दिल्ली में रवाना होने से पहले उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। वहीं गजेंद्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब ने उन्हें सीऑफ किया।
सरकार का कहना है कि इस दौरे के दौरान तकनीकी सहयोग, औद्योगिक विकास और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में समझौते की दिशा में चर्चा होगी। दक्षिण कोरिया में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, तकनीकी हस्तांतरण और लॉजिस्टिक्स सुधार पर भी बातचीत की जाएगी।
बतौर मुख्यमंत्री यह विष्णुदेव साय का पहला विदेश दौरा है, इसलिए उद्योग जगत और प्रदेश की जनता दोनों की नज़रें इस पर टिकी हुई हैं। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल के कारण निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन सकता है।
प्रदेश सरकार ने हाल के वर्षों में कई बड़े निवेश प्रस्ताव हासिल किए हैं। पावर सेक्टर में 3 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं विभिन्न निवेशक सम्मेलनों से 6.65 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव प्राप्त हुए। हाल ही में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का भूमिपूजन हुआ है, जिसकी लागत करीब 1,100 करोड़ रुपए होगी। साथ ही नवा रायपुर में 271 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी का कैंपस भी स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि इस दौरे से नए निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।