गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की, UPSC ने चयन सूची 2024 को दी मंजूरी
छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को बड़ा तोहफ़ा मिला है। केंद्र सरकार ने उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत करते हुए छत्तीसगढ़ कैडर में नियुक्त किया है। इसके लिए गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति प्रदान की गई है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 27 अगस्त 2025 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इससे पहले संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 26 अगस्त 2025 को चयन सूची 2024 को मंजूरी दी थी।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन सात अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर के रिक्त सात पदों पर नियुक्त किया गया है। IPS कैडर में पदोन्नति मिलने के बाद अब ये अधिकारी नई जिम्मेदारियों के साथ राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
इस निर्णय को राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की मेहनत और कार्यकुशलता का सम्मान माना जा रहा है। पदोन्नति से अधिकारियों के साथ-साथ पूरे पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।