संपर्क स्मार्ट स्कूल प्रोजेक्ट की शुरुआत, इंटरैक्टिव वीडियो, गेमिफाइड प्रश्न और विज्ञान प्रयोगों से बच्चों की पढ़ाई बनेगी रोचक
बस्तर के बच्चों के लिए पढ़ाई का तरीका अब बदलने जा रहा है। जिले के 271 स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जा रहे हैं, जहां टीवी सेट, स्मार्ट शाला ऐप और ऑफलाइन कंटेंट के जरिए पढ़ाई होगी। इस योजना से करीब 17 हजार बच्चों को सीधा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की है, जिसे राज्य सरकार और संपर्क स्कूल फाउंडेशन मिलकर लागू कर रहे हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बच्चों की पढ़ाई अब और आधुनिक होगी। जिले के 271 स्कूलों में संपर्क स्मार्ट स्कूल प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट क्लास की शुरुआत की जा रही है। इसके लिए हर चयनित स्कूल को निशुल्क टीवी सेट, स्मार्ट शाला ऐप और स्मार्ट स्कूल किट उपलब्ध कराई जाएगी।
लगभग 17 हजार बच्चों को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलेगा। बच्चों के लिए गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे विषयों को आसान बनाने के लिए 2700 शैक्षणिक वीडियो, 30 हजार से अधिक गेमिफाइड प्रश्न और 100 से ज्यादा विज्ञान प्रयोगों को शामिल किया गया है।
शिक्षा को खेल-खेल में रोचक बनाने के लिए कंटेंट को ऑफलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि दूरस्थ गांवों में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही, जिले के 120 शिक्षकों को नई तकनीक और टीचिंग-लर्निंग मटीरियल (TLM) से प्रशिक्षित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह प्रयास बच्चों की शिक्षा को आधुनिक और इंटरैक्टिव बनाएगा। योजना का लक्ष्य आगे चलकर राज्य के सभी 33 जिलों के 50 हजार स्कूलों तक पहुंचना है, जिससे 36 लाख से अधिक बच्चों को फायदा मिलेगा।