मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर पहली बार जशपुर जिले को सीएसआर फंड से 61 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इस राशि से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू किए गए हैं। इसमें 35 करोड़ की लागत से आधुनिक अस्पताल, 20 करोड़ से तीरंदाजी केंद्र और 6 करोड़ 19 लाख से आठ नए स्कूल भवनों का निर्माण शामिल है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को पहली बार सीएसआर फंड के तहत 61 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुई है। इस राशि से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में दीर्घकालिक परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले जिले प्रवास के दौरान उन्होंने जशपुर के विकास का ऐतिहासिक रोडमैप तैयार करने का वादा किया था, जिसे अब तेज़ी से पूरा किया जा रहा है।
35 करोड़ से बनेगा 100 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल
जशपुर जिला मुख्यालय में स्व. जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का निर्माण 35 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस अस्पताल को वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित किया जाएगा। भवन निर्माण कार्य रायगढ़ रोड स्थित कल्याण आश्रम परिसर में प्रगति पर है। स्वीकृत राशि में से 17 करोड़ भवन निर्माण पर और 18 करोड़ चिकित्सकीय उपकरणों व सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।
अस्पताल में CT Scan, MRI, ICU, ICCU, Dialysis और Emergency Care जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके शुरू हो जाने से मरीजों को रायपुर, अंबिकापुर, झारसुगुड़ा या रांची जैसे दूरस्थ शहरों में उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
20 करोड़ से सजेगा तीरंदाजी केंद्र, मिलेगी अंतरराष्ट्रीय सुविधा
एनटीपीसी के सीएसआर फंड से 20.53 करोड़ रुपये की राशि जिले में एक आवासीय तीरंदाजी केंद्र के निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। जिला प्रशासन ने इसके लिए सन्ना क्षेत्र में भूमि निर्धारित कर दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि यह केंद्र दिवंगत कुमार दिलीप सिंह जूदेव के उस सपने को साकार करेगा जिसमें उन्होंने पहाड़ी कोरवा समाज की पारंपरिक धनुर्विद्या को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की परिकल्पना की थी।
सीएसपीटीसीएल के सीएसआर फंड से जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 8 नए स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 6.19 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इनमें फरसाबहार ब्लॉक के पंडरीपानी, गारीघाट, कंदईबहार, कांसाबेल ब्लॉक के बांसबहार, कुनकुरी ब्लॉक के गिनाबहार और लोधमा, बगीचा ब्लॉक के टटकेला तथा दुलदुला क्षेत्र के विद्यालय शामिल हैं।
इन भवनों के निर्माण से छात्रों को बेहतर शिक्षण वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधा प्राप्त होगी।