4689 आवासीय-व्यावसायिक इकाइयों की बिक्री, ओटीएस योजना और आवास मेले से बढ़ा आमजन का भरोसा
राज्य में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025 में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बिक्री में मंडल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक ही वर्ष में 1022 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025 को अपने इतिहास का सबसे सफल वर्ष बनाते हुए आवास क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच मंडल ने कुल 4689 आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों का विक्रय किया, जिनकी कुल कीमत 1022 करोड़ रुपये से अधिक रही। यह उपलब्धि मंडल की स्थापना के बाद अब तक की सर्वाधिक वार्षिक बिक्री मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में गृह निर्माण मंडल द्वारा किफायती, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी कार्यप्रणाली का असर बिक्री आंकड़ों में स्पष्ट रूप से नजर आया।
मंडल द्वारा प्रारंभ से ही समाज के कमजोर और निम्न आय वर्ग को प्राथमिकता दी जाती रही है। अब तक निर्मित कुल आवासों में लगभग 70 प्रतिशत आवास इन्हीं वर्गों के हितग्राहियों के लिए विकसित किए गए हैं। बीते पांच वर्षों में जहां औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय हुआ और बिक्री मूल्य लगभग 262 करोड़ रुपये रहा, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 4689 संपत्तियों और 1022 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह आम नागरिकों के बढ़ते विश्वास और नीतिगत सुधारों का परिणाम माना जा रहा है।
ओटीएस योजना से मिली गति
विगत एक वर्ष में लागू की गई ओटीएस-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना भी बिक्री बढ़ाने में अहम साबित हुई। इस योजना के तहत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिससे 1452 संपत्तियों का विक्रय हुआ। इन संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 220.16 करोड़ रुपये रहा, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिला।
राज्य स्तरीय आवास मेला रहा सफल
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर 23 से 26 नवंबर 2025 तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 भी अत्यंत सफल रहा। मेले के दौरान मंडल ने 26 जिलों में 2080 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया। इसी दौरान 305 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों की बिक्री दर्ज की गई, जिससे मंडल की योजनाओं के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ।
नेतृत्व की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एक वर्ष में 1022 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों का विक्रय राज्य के आवास क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और आम जनता के विश्वास का प्रमाण है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच, स्पष्ट आवास नीति और गृह निर्माण मंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का नतीजा है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को सुलभ और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि मंडल भविष्य में भी पारदर्शिता और नवाचार के साथ आवासहीनों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।