- 25 वर्षों की सेवा, शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा विशेष पदक
- नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस को किया गया सम्मानित
- साल वृक्ष और पहाड़ी मैना से सुसज्जित होगा पदक का स्वरूप
छत्तीसगढ़ पुलिस बल के 25 वर्षों की सेवा, साहस और बलिदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस बल के अदम्य योगदान की स्थायी पहचान बनेगा।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए तैयार किए गए रजत जयंती पदक का विधिवत विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पदक प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में अद्वितीय साहस और कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिए गए बलिदानों का सम्मान है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश की सुरक्षा को सुदृढ़ किया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना के लिए अनेक जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। यह पदक उनके साहस, समर्पण और बलिदान को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए पदक का डिज़ाइन तैयार कर उसका विमोचन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पदक की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह पदक गोलाकार, चांदी के रंग का होगा। इसके अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा, जिसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा। वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर यह पदक अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक एवं राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के बाद वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावी योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी छत्तीसगढ़ पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।