बोरतलाव–दरेकसा और गुदमा–गोंदिया रेलखंड पर गर्डर डी-लॉन्चिंग कार्य के लिए लिया गया ट्रैफिक ब्लॉक, रायपुर–डोंगरगढ़ समेत कई लोकल ट्रेनें प्रभावित
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में अवसंरचना सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते 6 और 7 मार्च को कई यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने इस अवधि में 13 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि टाटानगर–इतवारी और कोरबा–इतवारी एक्सप्रेस को बीच मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा।
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत बोरतलाव–दरेकसा तथा गुदमा–गोंदिया रेलखंड पर आरएच गर्डर के डी-लॉन्चिंग कार्य के लिए ट्रैफिक कम पावर ब्लॉक लिया गया है। यह ब्लॉक 6 मार्च की रात से 7 मार्च की तड़के तक लागू रहेगा। रेलवे के अनुसार यह कार्य रेल संरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 मार्च की रात 11 बजे से 7 मार्च की सुबह 2 बजे तक डाउन लाइन पर तीन घंटे का ब्लॉक रहेगा। वहीं अप लाइन पर 6 मार्च की रात 11 बजे से 7 मार्च की सुबह 2.30 बजे तक साढ़े तीन घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई लोकल यात्री ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।
रेल प्रशासन ने रायपुर–डोंगरगढ़, डोंगरगढ़–गोंदिया, गोंदिया–रायपुर, दुर्ग–गोंदिया, गोंदिया–दुर्ग सहित कुल 13 मेमू ट्रेनों को 6 और 7 मार्च को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा गोंदिया–इतवारी, इतवारी–गोंदिया तथा बालाघाट–इतवारी मार्ग की कुछ मेमू सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
इसके साथ ही 6 मार्च को चलने वाली टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस और कोरबा–इतवारी एक्सप्रेस को दुर्ग और बोरतलाव के बीच नियंत्रित किया जाएगा, जिससे इन ट्रेनों के समय में विलंब हो सकता है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। साथ ही इस असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया गया है।