Oplus_131072
- 8 महीने में जान का खतरा, जटिल सर्जरी और 25 रेडिएशन से मिली नई जिंदगी
- दुनिया में गिने-चुने केस, बच्चों में स्टेज-3 कैंसर का सफल इलाज बेहद दुर्लभ
*रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 11 साल के बच्चे को दुर्लभ और जानलेवा थायमिक कैंसर से उबार लिया। दिल से चिपके इस कैंसर के कारण बच्चे की जिंदगी पर महज कुछ महीनों का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन समय पर सर्जरी और लंबी रेडिएशन थेरेपी ने उसे नया जीवन दे दिया।*
रायपुर। राजधानी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) के चिकित्सकों ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ कैंसर का सफल उपचार कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 11 वर्षीय बच्चे को स्टेज-3 का इनवेसिव थायमिक कार्सिनोमा था, जो दिल के बेहद करीब चिपका हुआ था। विशेषज्ञों के अनुसार, इलाज न होने की स्थिति में अगले 6 से 8 महीनों में बच्चे की जान जा सकती थी।
डॉक्टरों की टीम ने जोखिम भरी सर्जरी कर कैंसरग्रस्त हिस्से को हटाया, जिसके बाद बच्चे को 25 साइकिल रेडिएशन थेरेपी दी गई। लंबे इलाज के बाद अब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जीते हुए दोबारा स्कूल जाने लगा है।
चिकित्सकों के मुताबिक थायमिक कैंसर थाइमस ग्रंथि में विकसित होता है, जो शरीर के इम्यून सिस्टम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। यह ग्रंथि छाती के बीचों-बीच, हृदय और स्टर्नम के पीछे स्थित रहती है। इसमें बनने वाले टी-सेल्स शरीर को संक्रमण और कैंसर से लड़ने में मदद करते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार का कैंसर आमतौर पर 40 से 60 वर्ष की आयु के लोगों में पाया जाता है, जबकि बच्चों में इसके मामले अत्यंत दुर्लभ हैं। अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार 10 करोड़ बच्चों में मुश्किल से 1 से 5 मामले ही सामने आते हैं। अब तक विश्व स्तर पर ऐसे बहुत कम केस दर्ज किए गए हैं, खासकर एडवांस स्टेज में।
मेकाहारा प्रबंधन का दावा है कि इतनी कम उम्र में और वह भी स्टेज-3 जैसे गंभीर स्तर पर इस कैंसर का सफल इलाज अपने आप में एक अनोखी उपलब्धि है। इससे पहले इस प्रकार के मामलों में या तो उम्र अधिक रही है या कैंसर शुरुआती स्टेज में पाया गया था।
चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफलता से न केवल प्रदेश बल्कि देशभर के मरीजों के लिए नई उम्मीद जगी है। यह उपलब्धि जटिल कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग भी प्रशस्त करती है।