लगातार दो हार से दबाव में कोलकाता, वहीं पंजाब किंग्स जीत की हैट्रिक के इरादे से मैदान में
आईपीएल के 12वें मुकाबले में सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगे। एक ओर कोलकाता अपनी पहली जीत की तलाश में है, तो दूसरी ओर पंजाब की नजर जीत की हैट्रिक पर टिकी है।
स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों में आज कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम रोमांचक भिड़ंत का गवाह बनेगा, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) आमने-सामने होंगे। मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
सीजन के शुरुआती दो मुकाबलों में हार झेल चुकी कोलकाता टीम के सामने वापसी की बड़ी चुनौती है। वहीं पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले दोनों मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है।
हेड-टू-हेड में KKR का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें कोलकाता ने 21 और पंजाब ने 13 मैच जीते हैं। ईडन गार्डन्स में भी कोलकाता का रिकॉर्ड मजबूत रहा है, जहां उसने 9 मुकाबले अपने नाम किए हैं।
युवा खिलाड़ियों पर नजर
कोलकाता के लिए इस सीजन में अंगकृष रघुवंशी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दो मैचों में लगातार अर्धशतक जड़कर टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी ने अहम योगदान दिया है।
दूसरी ओर पंजाब के कूपर कोनोली बल्ले से दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि विजयकुमार वैशाख गेंदबाजी में लगातार विकेट निकालकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
पिच और रिकॉर्ड
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। यहां खेले गए मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है।
मौसम बन सकता है फैक्टर
मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में मुकाबले पर इसका असर पड़ सकता है।
रणनीति और समीकरण
कोलकाता को जीत की पटरी पर लौटने के लिए संतुलित प्रदर्शन करना होगा, जबकि पंजाब अपनी लय को बरकरार रखते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।