आमासिवनी स्थित कंवल प्लास्टिक यूनिट में शॉर्ट सर्किट की आशंका, पांच से अधिक दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे
राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित आमासिवनी में गुरुवार सुबह कंवल प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत कार्य शुरू किया।
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमासिवनी स्थित कंवल प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री महालेखाकार कार्यालय के पीछे स्थित बताई जा रही है। सुबह करीब 11 बजे परिसर से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में लपटों ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियों को लगाया गया।
दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को धीरे-धीरे नियंत्रण में लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखे कच्चे माल, मशीनरी और अन्य सामान को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर डटे रहे तथा स्थिति पर नजर बनाए रखी। स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
विधानसभा डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटे हैं। प्रशासन ने आग लगने के सटीक कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।