रायपुर में 22 और बिलासपुर में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए, तय समय के बाद बंद हो जाएंगे सेंटर के गेट
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को आयोजित होगी। छत्तीसगढ़ में रायपुर और बिलासपुर के 36 परीक्षा केंद्रों पर 13 हजार 319 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत अभ्यर्थियों को सेंटर में प्रवेश से पहले फेस स्कैन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा रविवार 24 मई को दो पालियों में होगी। परीक्षा को लेकर रायपुर और बिलासपुर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य में कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13 हजार 319 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
रायपुर जिले में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां 8 हजार 449 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं बिलासपुर के 14 केंद्रों में 4 हजार 870 कैंडिडेट्स परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
इस बार UPSC परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी का फेस स्कैन किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जाएगा। आयोग का मानना है कि इससे फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले सेंटर पहुंचें, ताकि फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य जांच प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।