कोरबा के नौकोनिया तालाब किनारे पेड़ों से गिरकर मरे चमगादड़, राजनांदगांव में पारा 46 डिग्री पार
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब वन्यजीवों पर भी भारी पड़ने लगी है। कोरबा जिले में तेज गर्मी और लू के चलते करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। वहीं मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए अगले पांच दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
कोरबा। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित नौकोनिया तालाब के आसपास शनिवार को करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और हीटस्ट्रोक के कारण ये चमगादड़ पेड़ों से गिर पड़े और उनकी जान चली गई।
पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। भीषण गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान के चलते वन्यजीवों पर गंभीर असर पड़ रहा है।
इधर मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई जिलों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है।
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लगातार बढ़ती गर्मी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं वन विभाग भी वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है।