ब्लॉक से प्रदेश अध्यक्ष तक नए नेतृत्व का होगा चयन, सदस्यता अभियान और ऑनलाइन चुनाव साथ-साथ चलेंगे
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पार्टी ने ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर नई टीम के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। 29 मई से नामांकन की शुरुआत होगी, जबकि सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया एक साथ ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में संगठन विस्तार और नए नेतृत्व के चयन की तैयारी तेज हो गई है। पार्टी ने प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत 29 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए उम्मीदवार 29 मई से 13 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए 11 जून से 13 जून तक आवेदन लिए जाएंगे। नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
युवा कांग्रेस ने इस बार चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। सदस्यता अभियान और मतदान प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव के साथ संगठन की सदस्य संख्या में भी बड़ा इजाफा करना है।
चुनाव में हिस्सा लेने और सदस्य बनने के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले युवाओं को लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड और आयु संबंधी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा प्रत्येक आवेदक के लिए 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना भी अनिवार्य किया गया है, जिसमें उसे अपने आवेदन से जुड़ी जानकारी देनी होगी।
चुनाव प्रक्रिया में “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम सख्ती से लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार एक से अधिक पदों पर दावा नहीं कर सकेगा। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि नामांकन दाखिल करते ही संबंधित व्यक्ति को उसके पुराने पद से स्वत: मुक्त माना जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अंतिम नियुक्ति राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से होगी। इसके लिए संभावित उम्मीदवारों का दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस चुनाव के जरिए संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई है।