4 रविवार और 2 शनिवार समेत कुल 11 दिन नहीं होगी बैंकिंग सेवाएं; ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सेवाएं रहेंगी जारी
जून माह में बैंक से जुड़े जरूरी काम कराने की योजना बना रहे ग्राहकों को छुट्टियों का कैलेंडर पहले ही देख लेना चाहिए। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से जारी अवकाश सूची के अनुसार, जून में विभिन्न राज्यों में कुल 11 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें साप्ताहिक अवकाश के साथ कुछ क्षेत्रीय त्योहारों और आयोजनों की छुट्टियां भी शामिल हैं।
11 दिन प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज
जून में चार रविवार और दूसरे व चौथे शनिवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में पांच दिनों तक स्थानीय पर्व-त्योहारों और विशेष अवसरों के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि ये अवकाश सभी राज्यों में एक साथ लागू नहीं होंगे।
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
बैंकों की शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलता रहेगा। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम के माध्यम से नकद निकासी, फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान और अन्य लेनदेन सामान्य रूप से किए जा सकेंगे।
शेयर बाजार में भी 9 दिन नहीं होगा कारोबार
जून 2026 में शेयर बाजार में कुल नौ दिन कारोबार नहीं होगा। इनमें शनिवार और रविवार के आठ साप्ताहिक अवकाश शामिल हैं। इसके अलावा 26 जून को मुहर्रम के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा।
जरूरी काम पहले निपटाने की सलाह
बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, ऋण संबंधी प्रक्रियाएं और शाखा स्तर के अन्य जरूरी कार्य समय पर निपटाने के लिए ग्राहकों को अवकाश सूची का ध्यान रखना चाहिए, ताकि अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े।