चेंबूर में छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी बस, एक छात्र के फंसे होने की सूचना; बचाव अभियान जारी
मुंबई। चेंबूर इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक निजी स्कूल बस पर अचानक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। वहीं एक छात्र के बस के अंदर फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर पहुंचाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रोड नंबर-11 पर अचानक एक बड़ा पेड़ बस के ऊपर गिर गया। पेड़ की भारी शाखाएं गिरने से बस का अगला हिस्सा और बीच का भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और अपने बच्चों की जानकारी लेने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में जुटे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।