रायपुर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था में चूक उजागर, वायरल वीडियो के बाद RPF ने वाहन चालक पर दर्ज किया केस
रायपुर रेलवे स्टेशन में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक सामने आई है। स्टेशन परिसर के भीतर एक इनोवा कार प्लेटफॉर्म नंबर-1 से गुजरते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। स्टेशन परिसर में एक इनोवा कार का बेधड़क प्रवेश कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पार करते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाना सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार पार्सल ऑफिस की ओर से स्टेशन परिसर में दाखिल होती है और धीरे-धीरे प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ते हुए ट्रैक तक पहुंच जाती है। कुछ समय के लिए वाहन ट्रैक के बीच फंसता भी नजर आया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस दौरान संबंधित ट्रैक पर किसी ट्रेन की आवाजाही नहीं थी। यदि उस समय ट्रेन गुजर रही होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया रेलवे प्रशासन
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल जांच शुरू की। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक वाहन चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। RPF ने चालक पर धारा 147 के तहत अनधिकृत प्रवेश, धारा 154 के तहत यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने और धारा 159 के तहत प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल
घटना के बाद स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक चारपहिया वाहन स्टेशन परिसर के भीतर प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गया। स्टेशन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा जांच और निगरानी व्यवस्था की मजबूती को लेकर अब रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। घटना ने स्टेशन परिसर की सुरक्षा प्रणाली की कमियों को उजागर कर दिया है।