आम लोगों की जेब पर दिखेगा असर, ईंधन से लेकर यात्रा और वाहन खरीद तक कई बदलाव आज से लागू
नए महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों पर पड़ेगा। जहां एक ओर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और ईंधन की कीमतों में राहत मिली है, वहीं पासपोर्ट बनवाना, वाहन खरीदना और बिना टिकट ट्रेन यात्रा करना अब महंगा साबित होगा।
नई दिल्ली (ए)। एक जुलाई से देशभर में कई बड़े बदलाव प्रभावी हो गए हैं, जिनका असर सीधे आम आदमी की जेब और दैनिक जरूरतों पर दिखाई देगा। एलपीजी सिलेंडर, ईंधन, पासपोर्ट, रेल यात्रा, आधार सेवाओं और ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं। इनमें कुछ फैसले राहत देने वाले हैं, तो कुछ लोगों का खर्च बढ़ा सकते हैं।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता, कारोबारियों को राहत
तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में औसतन करीब 180 रुपए तक की कटौती की है। राजधानी दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों में नई दरें लागू हो गई हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इससे खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।
हालांकि घरेलू उपयोग वाले 14 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पेट्रोल-डीजल पर राहत, हटाई गई लिमिट
प्राइवेट फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है। पेट्रोल पांच रुपए प्रति लीटर और डीजल तीन रुपए प्रति लीटर तक सस्ता किया गया है। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा भी खत्म कर दी गई है।
इससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, उद्योग और बड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।
पासपोर्ट बनवाने वालों को देना होगा ज्यादा शुल्क
केंद्र सरकार ने पासपोर्ट शुल्क में संशोधन किया है। सामान्य और तत्काल श्रेणी दोनों में फीस बढ़ाई गई है। इससे नए पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए लोगों को पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
बिना टिकट ट्रेन यात्रा अब और महंगी
रेल मंत्रालय ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है। अब पकड़े जाने पर यात्रियों को वास्तविक किराए के अलावा न्यूनतम 500 रुपए का जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपए थी। नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई और जेल की सजा का भी प्रावधान रखा गया है।
आधार में ई-मेल अपडेट सेवा मुफ्त
यूआईडीएआई ने आधार कार्ड में ई-मेल एड्रेस अपडेट कराने की सुविधा अगले छह महीने तक निशुल्क कर दी है। इससे करोड़ों आधार उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।
हवाई ईंधन सस्ता, लेकिन कार खरीदना महंगा
सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में कटौती की है, जिससे विमानन कंपनियों के खर्च में कमी आने की संभावना है। दूसरी ओर प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों ने अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में नई कार खरीदने वाले ग्राहकों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। जुलाई की शुरुआत के साथ लागू हुए ये बदलाव आम लोगों के मासिक बजट पर असर डाल सकते हैं। आने वाले दिनों में इनके प्रभाव बाजार और उपभोक्ताओं के खर्च के पैटर्न में भी दिखाई दे सकते हैं।