केश्म द्वीप पर रिहायशी इमारत भी निशाने पर; दंपती और दो वर्षीय बच्चे की मौत, ट्रम्प बोले— अब जवाब देने की हमारी बारी
वॉशिंगटन/तेहरान (ए)। अमेरिका ने गुरुवार तड़के ईरान के 10 से अधिक शहरों में व्यापक हवाई हमले कर मध्य पूर्व में तनाव को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। ईरानी मीडिया के अनुसार, हमलों में केश्म, किश, काजेरून, अहवाज, अबादान, शादेगान, अरवंदकेनार, बुशेहर, जाम और खोरमोज सहित कई क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। केश्म द्वीप पर एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में एक दंपती और उनके दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य बच्चे घायल बताए गए हैं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया कि कार्रवाई में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांड सेंटर, मिसाइल और ड्रोन ठिकानों, तटीय निगरानी प्रणाली, रक्षा प्रतिष्ठानों तथा समुद्री सैन्य क्षमताओं से जुड़े कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमलों से पहले कहा था कि जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला करने की कोशिश की गई थी और अब अमेरिका उसका जवाब देगा।
पिछले 24 घंटे के प्रमुख घटनाक्रम
ट्रम्प की नई चेतावनी: अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यदि हालात और बिगड़े तो ईरान के खिलाफ और भी कठोर सैन्य कार्रवाई की जाएगी, हालांकि भविष्य में समझौते की संभावना से भी इनकार नहीं किया।
इराक में संयुक्त कार्रवाई: अमेरिका और सऊदी अरब ने इराक में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) के ठिकानों पर संयुक्त हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम 20 लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया गया।
मिस्र के बंदरगाह पर ड्रोन हमला: दमियत्ता पोर्ट पर अमेरिकी गैस स्टोरेज टैंकर को ड्रोन से निशाना बनाया गया। आग लगने के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है और विश्लेषकों ने इसके 100 डॉलर तक जाने की आशंका जताई है।
होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का दावा: ईरानी नौसेना ने कहा कि उसकी अनुमति के बिना होर्मुज जलडमरूमध्य से किसी भी जहाज को गुजरने नहीं दिया जाएगा।
होर्मुज क्षेत्र में बढ़ी हलचल
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से में एक तेल टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसके बाद दो अन्य तेल जहाजों ने अपना मार्ग बदलकर वापसी कर ली। IRGC ने आरोप लगाया कि अमेरिकी विमान जहाजों को असुरक्षित मार्ग से ले जा रहे थे और चेतावनी दी कि अमेरिकी हस्तक्षेप जारी रहने पर होर्मुज स्ट्रेट को बंद रखा जाएगा।
सीरिया में भी इजराइली कार्रवाई
तनाव के बीच इजराइल ने दक्षिणी सीरिया के कुनेत्रा प्रांत में तोपों से गोलाबारी की। सीरियाई सरकारी एजेंसी सना के अनुसार, टेल अल-अहमर क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में कई गोले गिरे, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।