राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक की मांग; दिल्ली में 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। INDIA ब्लॉक के नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। मार्च से पहले राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है।
नई दिल्ली (ए)। विपक्षी दलों ने अपने मार्च को ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस और बाराखंभा रोड के जंक्शन पर एकत्र होंगे। यहां से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने की योजना है। विपक्षी नेताओं का दावा है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर इस तरह का मार्च पहली बार निकाला जा रहा है।
इससे पहले राहुल गांधी ने भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत से मुलाकात कर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने विपक्षी नेताओं से मुलाकात करने में असमर्थता जताई। उन्होंने सोमवार को बताया कि रविवार को मिला पत्र का जवाब उसी रात दे दिया गया था और मुलाकात नहीं कर पाने के कारण भी स्पष्ट कर दिए गए थे।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी नागरिकों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए खुले हैं। कोई भी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि अपनी समस्या लेकर याचिका दायर कर सकता है। न्यायालय मामले की सुनवाई कर कानून के अनुरूप उचित कार्रवाई करेगा।
विपक्षी दलों ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने और उनके साथ कथित मारपीट का भी विरोध किया है। इससे पहले 9 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया से संबंधित अपनी चिंताओं से अवगत कराया गया था।
विपक्ष के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी में 30 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की सूचना है। सुप्रीम कोर्ट परिसर की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर जनपथ और मंडी हाउस समेत छह मेट्रो स्टेशन बंद रखे जाने की जानकारी दी गई है।