हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे दोनों कैदी, दुर्ग पुलिस कर रही तलाश
दुर्ग (पंचायतीलाला)। केंद्रीय जेल दुर्ग में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दो कैदी पैरोल पर तो बाहर आए, लेकिन तय समय पर वापस नहीं लौटे। जेल प्रशासन की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दोनों कैदियों के खिलाफ फरारी का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस लगातार दबिश देकर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

कैसे हुए फरार?
पुलिस के मुताबिक, पथर्रा गांव निवासी नाहुस भारती (36 वर्ष) और हाउसिंग बोर्ड जामुल निवासी जयपाल सिंह को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। दोनों ने कोर्ट में पैरोल की अर्जी लगाई थी, जिसे स्वीकार करते हुए नाहुस भारती को 21 मई 2022 को 14 दिन की पैरोल दी गई थी। तय समय के अनुसार, उसे 7 जून 2022 तक वापस जेल लौटना था, लेकिन वह फरार हो गया।
इसी तरह, जयपाल सिंह को 30 दिसंबर 2023 को पैरोल दी गई थी, और उसे 16 जनवरी 2024 तक जेल वापस लौटना था, लेकिन वह भी नहीं लौटा। जब पुलिस ने उनके घरों पर छापा मारा, तो पता चला कि दोनों कैदी फरार हो चुके हैं।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस की तलाश
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पैरोल पर छोड़े गए किसी भी बंदी को तय समयसीमा में जेल लौटना अनिवार्य होता है। समय पर वापस न आने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसी आधार पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने दोनों फरार कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्ग पुलिस अब दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी जितेंद्र शुक्ला ने दोनों कैदियों को पकड़वाने के लिए 10-10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।