बिल्हा और तखतपुर में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीते, कोटा में कांग्रेस को करारी हार
बिलासपुर। जिले की बिल्हा, तखतपुर और कोटा जनपद पंचायतों में हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। बिल्हा और तखतपुर में कांग्रेस उम्मीदवार न मिलने के कारण भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि कोटा में हुए मुकाबले में भी भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की। अब सभी की निगाहें 6 मार्च को होने वाले मस्तूरी जनपद पंचायत चुनाव पर टिकी हैं।
बिल्हा: विधायक के करीबी बने अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता को फिर उपाध्यक्ष पद
बिल्हा जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद अनारक्षित था, जिससे भाजपा नेता विक्रम सिंह की प्रमुख दावेदारी थी। वह पांच बार जनपद सदस्य और उपाध्यक्ष रह चुके हैं, लेकिन इस बार भी उन्हें उपाध्यक्ष पद देकर संतुष्ट किया गया। पहली बार जनपद सदस्य बने रामकुमार कौशिक को अध्यक्ष पद मिला, जिन्हें बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक का करीबी माना जाता है।
तखतपुर: संगठन ने तय किए अध्यक्ष-उपाध्यक्ष
तखतपुर में विधायक धर्मजीत सिंह ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के नाम तय करने की जिम्मेदारी संगठन पदाधिकारियों को सौंपी थी। नतीजों में माधवी संतोष वस्त्रकार को अध्यक्ष और राकेश तिवारी को उपाध्यक्ष चुना गया।
कोटा: भाजपा की बड़ी जीत, कांग्रेस को करारी शिकस्त
कोटा जनपद पंचायत में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हुआ, लेकिन भाजपा ने यहां भी अपना दबदबा कायम रखा। भाजपा से सूरज साधेराम भारद्वाज को अध्यक्ष और मनोहर राज को उपाध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा गया। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए शिव बाई और उपाध्यक्ष पद के लिए अलीबाबा कश्यप को उम्मीदवार बनाया।
नतीजे:
सूरज भारद्वाज (भाजपा) – 19 वोट
शिव बाई (कांग्रेस) – 6 वोट
मनोहर राज (भाजपा) – 15 वोटों से विजयी
अब मस्तूरी जनपद पंचायत में 6 मार्च को चुनाव होना बाकी है। यहां एसडीएम प्रवेश पैकरा पीठासीन अधिकारी और सीईओ जेआर भगत सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।