
- सोशल ग्रुप से युवकों को फंसाकर करती थी शादी
- दहेज प्रताड़ना का झूठा केस कर ऐंठती थी पैसे
- मां भी थी पूरे षड्यंत्र में शामिल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर में शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह महिला खुद को कुंवारी बताकर युवकों से शादी करती, फिर दहेज उत्पीड़न का झूठा केस कर लाखों रुपए और गहने ऐंठ लेती थी। अब तक वह चार शादियां कर चुकी है। इस पूरे षड्यंत्र में उसकी मां भी शामिल थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो शादी के नाम पर युवकों को ठगने का काम करती थी। रायपुर SSP लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि आरोपी पूजा देवांगन उर्फ गीतांजलि पहले से शादीशुदा होते हुए भी खुद को कुंवारी बताकर युवकों से शादी करती थी। शादी के बाद झगड़ा कर घर छोड़ देती और दहेज प्रताड़ना का झूठा केस कर लाखों रुपए ऐंठ लेती।
ताजा मामले में पीड़ित शुभम देवांगन (परिवर्तित नाम) ने बताया कि उसने मई 2023 में पूजा से शादी की थी। दोनों की मुलाकात एक सामाजिक ग्रुप के माध्यम से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही पूजा ने विवाद करना शुरू कर दिया और अलग रहने की जिद करने लगी। कुछ समय बाद वह मायके चली गई और वहीं रहने लगी। इसी दौरान उसने शुभम के परिवार के खिलाफ झूठी शिकायत देकर मानसिक और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवा दिया।
शुभम ने जब पूजा की जांच-पड़ताल की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि 2015 से 2023 के बीच उसने तीन और युवकों – उमेश देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और लोकनाथ देवांगन से शादी की थी। इनमें से किसी को भी उसने तलाक नहीं दिया था। पूजा की मां गायत्री देवांगन भी इस ठगी में शामिल थी। दोनों मिलकर लड़कों को फंसाने का षड्यंत्र रचती थीं। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी महिला और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य पीड़ितों से भी पुलिस बयान ले रही है।