बैज बोले – एक साल में 93 हत्याएं, सरकार फेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को कांग्रेस ने कानून व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की कोशिश की, जिसके दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पुलिसकर्मियों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान प्रदर्शन में शामिल एक महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ने की भी खबर है।

इससे पहले नगर निगम कार्यालय के सामने एक सभा आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शन के दौरान दीपक बैज ने दावा किया कि रायपुर में पिछले एक साल में 93 हत्याएं हुई हैं और राज्य में अपराध बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश की जनता डरी हुई है और भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल रही है।” कांग्रेस ने प्रदेशभर के आपराधिक आंकड़ों को पेश करते हुए सरकार पर हमला बोला और कहा कि जनता को सुरक्षित वातावरण देने में शासन नाकाम रहा है।