
यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से 9 मजदूर लापता, अलकनंदा और सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर; दिल्ली, केरल समेत कई राज्यों में मूसलधार बारिश की चेतावनी
देश के कई हिस्सों में मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है। उत्तराखंड से लेकर केरल तक बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तरकाशी में बादल फटने से कई लोग लापता हैं, वहीं केरल में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बांधों के गेट खोलने पड़े। मौसम विभाग ने देशभर में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली (ए)। देश में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसके चलते कई राज्यों में भारी बारिश से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। उत्तराखंड में शनिवार से हो रही मूसलधार बारिश के बाद प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया है। तीर्थयात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने की घटना सामने आई है। इससे एक निर्माणाधीन होटल में काम कर रहे 8 से 9 मजदूर लापता हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। इस बीच, बागेश्वर में सरयू नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जबकि अलकनंदा और सरस्वती नदियों का जलस्तर भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
भारत के 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मानसून दस्तक दे चुका है, और रविवार को देशभर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को कई जगह झमाझम बारिश हुई थी, और आज भी वहां मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
केरल में भी हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। भारी बारिश के चलते राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पलक्कड़ और पथानामथिट्टा जिलों के बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य तेज कर दिया है। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने चेतावनी दी है कि रविवार को केरल के तटीय क्षेत्रों में 2 से 3 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरें उठ सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।