भौतिक सत्यापन में खुली अनियमितताएं, 101 दुकानों का आबंटन निलंबित, 72 निरस्त, 19 पर FIR, 194 पर वसूली की कार्यवाही
रायपुर। छत्तीसगढ़ में उचित मूल्य दुकानों के बचत स्टॉक की जांच में बड़ा घोटाला सामने आया है। खाद्य विभाग द्वारा कराए गए भौतिक सत्यापन में 894 दुकानों में कुल 7,891.73 टन चावल का स्टॉक गायब पाया गया। विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए आबंटन निलंबन, निरस्तीकरण, एफआईआर और वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग द्वारा कराए गए भौतिक सत्यापन में बड़ी अनियमितता का खुलासा हुआ है। 31 मार्च 2024 की स्थिति में 13,779 उचित मूल्य दुकानों की जांच में 894 दुकानों के बचत स्टॉक में कुल 7,891.73 टन चावल की कमी पाई गई।
खाद्य विभाग ने इस गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए 101 दुकानों का आबंटन निलंबित कर दिया, जबकि 72 दुकानों का आबंटन निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा 19 दुकानों के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और 194 दुकानों के खिलाफ बकाया वसूली के लिए आरआरसी जारी की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के निरीक्षण और सत्यापन अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों तक अनाज की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।