गंगालूर इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़, दोनों ओर से रुक-रुककर गोलियां चल रही हैं; नक्सलियों को भी नुकसान की आशंका
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में DRG के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।
बीजापुर। गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। सर्च ऑपरेशन पर निकली DRG की टीम पर नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से रुक-रुककर गोलियां चल रही हैं।
इस मुठभेड़ में DRG के दो जवान घायल हो गए। मौके पर मौजूद साथियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और बीजापुर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों को भी इस मुठभेड़ में नुकसान हुआ है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। फोर्स अभी भी इलाके में मौजूद है और ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस को गंगालूर क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 11 अगस्त को सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।