अन्नपूर्णा ढाबे के बाहर नशे में धुत बदमाशों ने दौड़ाकर किया हमला; वारदात के बाद 6 आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच जारी
छत्तीसगढ़ के धमतरी में रायपुर के तीन दोस्तों की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। ढाबे में मामूली विवाद के बाद 6-7 नशे में धुत बदमाशों ने उन्हें दौड़ाकर चाकू से वार किए और मौके पर ही मार डाला। वारदात के बाद आरोपियों ने खून से सनी शर्ट में विक्ट्री साइन दिखाकर सेल्फी भी ली।
धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम भोयना में सोमवार देर रात हुई हत्या की वारदात ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। रायपुर से घूमने आए पांच दोस्तों में से तीन की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी बदमाश खून से सनी शर्ट पहने विक्ट्री साइन दिखाते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार पांच युवक रात में धमतरी पहुंचे थे। सिहावा रोड स्थित अन्नपूर्णा ढाबे के बाहर किसी बात पर वहां पहले से मौजूद 6-7 लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद मारपीट में बदला और आरोपियों ने रायपुर निवासी सूरज तांडी, नितिन तांडी और आलोक ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया। एक युवक को तो 100 मीटर तक दौड़ाते हुए ले जाकर सीने पर वार किया गया।
बताया गया कि आरोपी नशे में थे और ढाबे में आने-जाने वालों से गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने ढाबे में 300 रुपए का खाना खाया, लेकिन बिल नहीं चुकाया। पुलिस को सूचना मिलने पर घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों ने दम तोड़ दिया। दो अन्य दोस्त किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।