उड़तामल्ला और कोमटपल्ली जंगलों में चला सघन सर्च ऑपरेशन, विस्फोटक सामग्री और बंदूकें भी मिलीं
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादी संगठन पर करारा प्रहार किया है। पामेड़ और तर्रेम थाना क्षेत्रों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जहां उड़तामल्ला के जंगल में माओवादियों का स्मारक ध्वस्त किया गया, वहीं कोमटपल्ली इलाके से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद हुई।

बीजापुर। माओवादी गतिविधियों को कमजोर करने के लिए सुरक्षा बलों ने पामेड़ और तर्रेम क्षेत्रों में संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। पामेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम उड़तामल्ला के जंगलों में कोबरा 208, केरिपु 228 और सुकमा से आए कोबरा 203 की संयुक्त टीम ने माओवादियों द्वारा निर्मित स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई माओवादी विरोधी अभियान के तहत की गई।

इसी क्रम में तर्रेम थाना क्षेत्र में जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (170वीं बटालियन) की संयुक्त टीम ने कोमटपल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखी गई भरमार बंदूक, बीजीएल राउंड व पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री (PEK, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर), एम्युनेशन पोच, विभिन्न आकार के प्रेशर कुकर, आरी ब्लेड, स्पीकर सहित अन्य सामान बरामद किए गए।
अभियान के दौरान न सिर्फ स्मारक, बल्कि माओवादियों के अस्थायी और ट्रेनिंग कैम्प भी ध्वस्त कर दिए गए। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से माओवादी नेटवर्क को झटका लगा है। अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार गश्त और सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रहे।