दिल्ली 75 रन पर सिमटी, पावरप्ले में बना IPL इतिहास का सबसे कम स्कोर; भुवनेश्वर की घातक गेंदबाजी
आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हरा दिया। दिल्ली की टीम सिर्फ 75 रन पर ढेर हो गई, जबकि विराट कोहली ने नाबाद 23 रन बनाकर आईपीएल में 9 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया।
स्पोर्ट्स डेस्क (ए)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को करारी शिकस्त दी। बेंगलुरु ने दिल्ली को 9 विकेट से हराते हुए 81 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दिल्ली की बल्लेबाजी इस मैच में पूरी तरह बिखर गई। टीम महज 75 रन पर ऑलआउट हो गई, जो इस सीजन के सबसे निराशाजनक स्कोर में से एक रहा। पावरप्ले में दिल्ली ने 6 विकेट गंवाकर सिर्फ 13 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास का सबसे कम पावरप्ले स्कोर बन गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और आसानी से मैच जीत लिया। विराट कोहली ने 23 रन बनाकर नाबाद रहते हुए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह आईपीएल इतिहास में 9 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
मैच में गेंदबाजी के नायक भुवनेश्वर कुमार रहे। उन्होंने शुरुआती झटके देकर दिल्ली की कमर तोड़ दी। भुवनेश्वर ने 3 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट झटके। यह आईपीएल में उनका 20वां मौका रहा जब उन्होंने 3 या उससे अधिक विकेट लिए।
भुवनेश्वर ने मुकाबले के पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया, जो उनके आईपीएल करियर में 29वीं बार हुआ। इस सूची में उनसे आगे केवल ट्रेंट बोल्ट हैं, जिन्होंने 32 बार यह कारनामा किया है।
दिल्ली की पारी की शुरुआत इतनी खराब रही कि टीम ने सिर्फ 7 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। हालांकि आईपीएल इतिहास में सबसे कम रन पर 5 विकेट गंवाने का रिकॉर्ड अब भी कोच्चि टस्कर्स केरल के नाम है, जिसने 2011 में 6 रन पर पांच विकेट खोए थे।
इस जीत के साथ बेंगलुरु ने न सिर्फ दो अहम अंक हासिल किए, बल्कि नेट रनरेट में भी बड़ा फायदा लिया। वहीं दिल्ली को बल्लेबाजी में कमजोर प्रदर्शन पर गंभीर मंथन करना होगा।