IPL 2026 का 41वां मुकाबला शाम 7:30 बजे से, जीत की राह तलाशेगी मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2026 में आज वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। सीजन में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, जबकि लगातार जीत की लय में चल रही हैदराबाद अपनी मजबूत स्थिति और बेहतर करना चाहेगी। मुकाबले में रोहित शर्मा की वापसी की भी संभावना जताई जा रही है।
खेल डेस्क (ए)। मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अब तक 7 मैचों में से 5 गंवाए हैं और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद लगातार चार मुकाबले जीतकर तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है।
हेड-टू-हेड में मुंबई का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 14 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 10 में सफलता मिली है। एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे मुंबई ने सुपर ओवर में अपने नाम किया।
वानखेड़े में मुंबई का दबदबा
वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमों का 9 बार सामना हुआ है। यहां मुंबई ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि हैदराबाद केवल 2 बार जीत सकी है। घरेलू मैदान का फायदा मुंबई के लिए अहम साबित हो सकता है।
तिलक वर्मा बने मुंबई की उम्मीद
मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा ने मिडिल ऑर्डर में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने 7 मैचों में 170.75 के स्ट्राइक रेट से 181 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने सिर्फ 2 मैचों में 6 विकेट लेकर प्रभावित किया है।
अभिषेक शर्मा हैदराबाद के सबसे बड़े हथियार
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 8 मैचों में 212.29 के स्ट्राइक रेट से 380 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक और एक शतक शामिल है। वे टीम के सबसे सफल बल्लेबाज बने हुए हैं।
मलिंगा की गेंदबाजी से बढ़ी ताकत
हैदराबाद के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने इस सीजन 8 मैचों में 14 विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। आज भी टीम उनसे बड़ी उम्मीद लगाए बैठी है।
बल्लेबाजों के लिए मददगार है वानखेड़े की पिच
वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। इस सीजन यहां खेले गए 4 मैचों में 3 बार 200 से ज्यादा स्कोर बने हैं।
चेज करने वाली टीम को ज्यादा सफलता
वानखेड़े में अब तक IPL के 127 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 59 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, जबकि 68 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है।
मौसम रहेगा साफ, बारिश की चिंता नहीं
मुंबई में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं।