अंक तालिका में 5वें स्थान पर खिसका भारत; श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज हारने पर पाकिस्तान से भी पीछे होने का खतरा
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में आधा सफर तय कर चुकी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए फाइनल की राह अब कठिन हो गई है। फिलहाल 48.15% अंकों के साथ अंक तालिका में 5वें स्थान पर मौजूद भारत को यदि बिना किसी समीकरण के सीधे फाइनल में प्रवेश करना है, तो उसे अपने बचे हुए सभी 9 मुकाबले जीतने होंगे। एक भी हार टीम इंडिया को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर कर देगी।
नई दिल्ली (ए)। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए टॉप-2 में फिनिश करना अनिवार्य है। भारतीय टीम को अभी तीन सीरीजों के अंतर्गत कुल 9 टेस्ट मैच खेलने हैं। यदि टीम इंडिया इन सभी 9 मैचों में जीत दर्ज करती है, तो उसके अंक प्रतिशत बढ़कर 74.07% हो जाएंगे, जिससे उसका फाइनल में पहुंचना तय हो जाएगा। हालांकि, यदि टीम एक भी मैच हारती है, तो अंक घटकर 68.52% रह जाएंगे और दो मैच हारने की स्थिति में फाइनल की दौड़ से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
श्रीलंका दौरे पर बड़ा दांव, हार से तालिका में हो सकता है भारी नुकसान
भारत को अपनी अगली टेस्ट सीरीज श्रीलंका के खिलाफ उसके घर में खेलनी है। यदि भारत यह सीरीज 2-0 से जीतता है तो उसके अंक प्रतिशत 57.58% होंगे। लेकिन यदि श्रीलंका भारत को 2-0 से हरा देता है, तो भारतीय टीम का प्रतिशत गिरकर 36.36% रह जाएगा। इस स्थिति में भारत तालिका में श्रीलंका से नीचे आ जाएगा और यदि पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 3-0 से हरा दिया, तो भारत पाकिस्तान से भी पिछड़ सकता है।
आगे का शेड्यूल: न्यूजीलैंड दौरा और ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी
9 मुकाबलों के इस कड़े दौर में भारत को श्रीलंका में 2 टेस्ट के बाद नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा (2 टेस्ट) करना है। इसके बाद भारतीय सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सबसे महत्वपूर्ण सीरीज खेली जानी है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ क्लीन स्वीप पड़ा भारी
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस चक्र की शुरुआत इंग्लैंड में 2-2 से सीरीज ड्रॉ कराकर और वेस्टइंडीज को घर में 2-0 से हराकर अच्छी की थी। लेकिन पिछले वर्ष साउथ अफ्रीका के हाथों मिली 2-0 की करारी शिकस्त ने भारत के समीकरण को पूरी तरह से बिगाड़ दिया, जिससे टीम अंक तालिका में काफी नीचे खिसक गई।