
2024 की तुलना में इस साल सोने में दोगुनी तेजी, जानिए आपके शहर में क्या हैं ताज़ा दाम; साल के अंत तक ₹1.03 लाख तक जा सकता है रेट
3 जुलाई को देशभर में सोना-चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल देखने को मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और मांग में तेजी के चलते इस साल गोल्ड-प्राइस ₹1.03 लाख तक पहुंच सकता है। जानिए आपके शहर में आज का रेट और निवेश से पहले क्या सावधानी रखें।
सोना-चांदी की कीमतों में आज फिर उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹306 की तेजी के साथ ₹97,786 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि पहले ₹97,480 था। वहीं, चांदी में ₹1,060 की बढ़त दर्ज की गई है। अब इसकी कीमत ₹1,07,748 प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि इससे पहले यह ₹1,06,688 पर थी। उल्लेखनीय है कि 18 जून को चांदी ₹1,09,550 और सोना ₹99,454 के अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था।
मुख्य शहरों में आज के दाम (10 ग्राम):
- दिल्ली: 24 कैरेट ₹99,480 | 22 कैरेट ₹91,200
- मुंबई: 24 कैरेट ₹99,330 | 22 कैरेट ₹91,050
- कोलकाता: 24 कैरेट ₹99,330 | 22 कैरेट ₹91,050
- चेन्नई: 24 कैरेट ₹99,330 | 22 कैरेट ₹91,050
- भोपाल: 24 कैरेट ₹99,380 | 22 कैरेट ₹91,100
अब तक कितनी बढ़ी कीमतें?
इस साल की शुरुआत में (1 जनवरी 2025) सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब ₹21,624 बढ़कर ₹97,786 तक पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमत भी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹1,07,748 हो गई है, यानी ₹21,731 की बढ़त। जबकि पूरे 2024 में सोना केवल ₹12,810 ही महंगा हुआ था।
सोना-चांदी के बढ़ते रुझान पर विशेषज्ञों की राय:
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, खासकर इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते गोल्ड की मांग बढ़ रही है। इसी कारण सोने की कीमत ₹1,03,000 और चांदी की कीमत ₹1,30,000 प्रति किलो तक जा सकती है।
सोना खरीदते समय सिर्फ BIS (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही लें। हॉलमार्क में 6 अंकों का HUID नंबर (जैसे: AZ4524) होता है, जो उसके शुद्धता की पहचान है। यह नंबर अल्फान्यूमेरिक होता है और यह बताता है कि सोना कितने कैरेट का है।